pm ke pen se भाग 3 ब्रम्हपुराण - सृष्टिनिर्माण Part 3 Brahma Puran - Srishti Nirman
भाग 3 ब्रम्हपुराण
सृष्टि निर्माण
भगवान नारायण ने प्रजा उत्पन्न करने की इच्छा से सबसे पहले जल का निर्माण किया। उस जल में अपनी शक्ति का आधान (स्थापन) किया। उस स्थापित शक्ति से एक विशाल अंड प्रकृत हुआ। कहा जाता हैं की उसी अंड में ब्रम्हाजी उत्पन्न हुए। उसमें एक साल तक रहकर ब्रम्हाजी ने उसके दो टुकड़े किये। उसके एक टुकड़े से द्युलोक और दूसरे टुकड़े से भूलोक बनाया। उन दोनों टुकड़ों के बीच में आकाश रखा। उसके ऊपर तैरती हुई पृथ्वी को स्थापित किया। फिर (1. अ. जा.) दस दिशाएं निश्चित की। साथ में काल, मन, वाणी, काम, क्रोध और रतिकी सृष्टि की। इन भावों के अनुरूप सृष्टि करने की इच्छा से ब्रम्हाजी ने सात प्रजापतियों को अपने मन से उत्पन्न किया।
उन प्रजापतियों के नाम इस प्रकार हैं-
मरीचि, अत्रि, अंगिरा, पुलस्त्य, पुलह, कृतु और वसिष्ठ। पुराणों में यहीं सात प्रजापति सात ब्रम्हा निश्चित किये गए हैं।
उसके बाद ब्रम्हाजी ने अपने क्रोध से रुद्र को प्रकट किया। फिर पूर्वजों के पूर्वज सनत्कुमार जी को उत्पन्न किया।
इन्ही सात महर्षियों से समस्त प्रजा तथा ग्यारह रुद्रों का प्रादुर्भाव हुआ। इन सात महर्षियों के सात बड़े दिव्य वंश हैं। देवता भी उन्हीं वंशों के अंतर्गत आते हैं।
इसके बाद ब्रम्हाजी ने विद्युत, वज्र, मेघ, रोहित, इन्द्रधनुष्य, पक्षी और मेघों की रचना की।
फिर यज्ञों की सिद्धि के लिए उन्होंने ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अथर्ववेद की रचना की।
उसके बाद देवता उत्पन्न हुए। छोटे बडे भूत, भगवान ब्रम्हा के अंगों से उत्पन्न हुए। इस प्रकार सृष्टि करने से भी प्रजा की वृद्धि नहीं हुई इसलिए प्रजापति ने अपने शरीर के दो भाग किये, उसके आधे भाग से वह पुरुष हुए और आधे भाग से स्त्री हुए। पुरुष का नाम (2. अ. जा.) मनु था उन्हीं के नाम पर (3. अ. जा.) मन्वंतर काल माना गया हैं। स्त्री का नाम था अयोनिजा शतरूपा। वह मनु को पत्नी रूप में प्राप्त हुई।
शतरूपा ने दस हजार वर्षों तक कठोर तपस्या करके मनु को पति रूप में पाया था।
मनु और शतरूपा का वंश आगे बढ़ता रहा उसी वंश में आगे चलकर अंग और सुनीथा ने वेन को जन्म दिया।
वेन ऋषियों पर अत्याचार करता था। इसलिए प्रजा की रक्षा के लिए ऋषियों ने वेन के दाहिने हाथ का मंथन किया। उस मंथन से महाराज पृथु प्रकट हुए।
वेनकुमार पृथु धनुष और कवच धारण किये अग्नि समान तेजस्वी रूप में प्रकट हुए थे।
उन्होंने इस पृथ्वी का पालन किया। (4. अ. जा.) राजसूय यज्ञ के लिए अभिषिक्त होनेवाले वें पहले राजा थे।
पृथु से स्तुति गान निपुण सूत और मागध प्रकट हुए। उन्होंने इस पृथ्वी से सब प्रकार के अनाज दुहे थे।
प्रजा की जीविका चले इसलिए उन्होंने देवताओं, ऋषियों, पितरों, दानवों, गंधर्वों और अप्सराओं के साथ इस पृथ्वी का दोहन किया था।
अधिक जानकारी
1. दस दिशाएं - दस दिशाएँ इस प्रकार हैं- पूर्व, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण। उत्तर-पूर्व (ईशान), दक्षिण-पूर्व (आग्नेय), दक्षिण-पश्चिम (नैऋत्य), उत्तर-पश्चिम (वायव्य)। ऊर्ध्व (आकाश) और अधो (पाताल) यह दस दिशाएं होती हैं।
2. मनु - स्वायंभुव मनु हिंदू धर्म में चौदह मनुओं में से पहले हैं। वे ब्रह्मा के मानस पुत्र और शतरूपा के पति हैं। उन्हें धरती का पहला पुरुष माना जाता है।
3. मन्वंतर - मन्वंतर, एक संस्कृत शब्द है, जिसका अर्थ है "मनु की आयु" या "मनु की आयु में अंतर"। यह हिंदू धर्म में समय की एक खगोलीय अवधि है जो मनु की आयु से संबंधित है। यह समय चक्र हिंदू समय चक्र और वैदिक समय रेखा का एक हिस्सा है, जिसमें 14 मन्वंतर होते हैं।
एक मन्वंतर में 71 चतुर्युग (सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग, और कलियुग) होते हैं, जिसकी कुल अवधि 30,67,20,000 मानव वर्ष मानी जाती है।
कल्प - 14 मन्वंतरों को मिलाकर एक कल्प बनता है, जो ब्रह्मा के एक दिन के बराबर होता है।
4. राजसूय यज्ञ - राजसूय यज्ञ एक प्राचीन भारतीय वैदिक अनुष्ठान है, जिसे राजा को अपनी सर्वोच्च सत्ता और अधिकार स्थापित करने के लिए किया जाता है। यह यज्ञ यजुर्वेद में वर्णित है और इसे राजा के राज्याभिषेक के साथ-साथ एक महान राजसी समारोह के रूप में भी देखा जाता है। यह यज्ञ करनेवाला व्यक्ति, जिसे चक्रवर्ती सम्राट कहा जाता है, वह अपनी संप्रभुता को स्थापित करता है और सभी राज्यों पर अपना अधिकार स्थापित करता है।
समाप्त
इस लेख संबंधी किसी जानकारी को पाने हेतु मेल आईडी पर संपर्क करें।
dharmgranthpremi@gmail.com